सरकार ने मंगलवार दोपहर 15 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इनमें डीजी रैंक के 2, एडीजी रैंक के 6, आईजी रैंक के 5 और एसपी रैंक के 2 अधिकारी शामिल हैं। लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर को हटा दिया गया है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर को डीजी इंटेलिजेंस बनाया गया है। उनकी जगह एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। मोर्डिया ने अमेरिका के हार्वर्ड कैनेडी स्कूल से मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन किया है।
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार को साइडलाइन कर दिया है। उन्हें पीटीएस मुरादाबाद का आईजी बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 25 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में प्रयागराज में हुए छात्र प्रदर्शन और हंगामे के बाद सीएम नाराज थे।
गृह विभाग के सचिव IPS मोहित गुप्ता को आईजी, भ्रष्टाचार निवारण संगठन भेजा गया है। मोहित गुप्ता और जोगेंद्र कुमार जनवरी, 2026 में प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शाही स्नान को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए थे। शंकराचार्य ने मोहित गुप्ता और उनकी पत्नी, प्रयागराज की तत्कालीन मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और कमिश्नर जोगेंद्र कुमार पर बटुकों के साथ दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया था।
जागेंद्र कुमार 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं। उन्हें सख्त और प्रोफेशनल पुलिस अधिकारियों में गिना जाता है। राजस्थान के बाड़मेड़ के रहने वाले हैं। उन्होंने राजनीतिशास्त्र से पोस्ट ग्रेजुएट हैं।
11 मई, 2025 को प्रयागराज पुलिस कमिश्नर पद पर नियुक्त किया गया। साल 2016 में मई से अक्टूबर तक प्रयागराज पुलिस के कप्तान भी रहे थे।
18 जनवरी, 2026 को मौनी अमावस्या थी। प्रयागराज माघ मेला में शंकराचार्य को पालकी के साथ संगम नोज तक स्नान करने जाने से रोका गया। शंकराचार्य के अनुयायियों और पुलिस बल के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। अविमुक्तेश्वरानंद ने तत्कालीन प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार को जिम्मेदार ठहराया।
शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर हमसे कह रहा था कि इसी की गलती है। ज्यादा गर्मी चढ़ी है, सारी गर्मी उतार दूंगा। प्रयागराज पुलिस कमिश्नर ने मुझसे इस प्रकार की बात की। बाद में शंकराचार्य बिना गंगा स्नान के वाराणसी लौट गए थे।


