उत्तरप्रदेश

रुपए दो गुने करने वाले ठगों के गिरोह का पर्दाफाश

श्याम अनुज पांडे की रिपोर्ट

Siddhant Fast News

ब्रेकिंग न्यूज जौनपुर बरसठी

रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी का आरोप, कार से नकली नोट जैसे कागज व कथित विस्फोटक बरामद
बरसठी पुलिस ने कथित गिरोह के सरगना को कार समेत पकड़ा, आरबीआई के लोगो वाला कागज और 22 टुकड़े बरामद

बरसठी (जौनपुर)। रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों को कथित तौर पर ठगी के जाल में फंसाने वाले गिरोह के एक आरोपी को बरसठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के नोट जैसे दिखने वाले कागज, आरबीआई का लोगो लगा

कागज, कथित विस्फोटक पदार्थ के 22 टुकड़े, कार, मोबाइल फोन और 2,230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक तीन अक्टूबर की रात प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान UP66AF5157 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम

सचिन उपाध्याय (33) पुत्र गुलाब शंकर उपाध्याय, निवासी अबरना, थाना सुरियावां, जनपद भदोही बताया। तलाशी के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

रुपये दोगुने करने का देते थे झांसा
पुलिस का आरोप है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच देता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई का लोगो लगा कागज और 500 रुपये के नोट जैसे दिखने वाले कागज का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार बरामद कथित विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल लोगों को डराने तथा आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था।

बरामदगी के आधार पर बरसठी थाने में मु0अ0सं0 377/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 के तहत कार्रवाई की है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सचिन उपाध्याय के खिलाफ वर्ष 2016 में भदोही और सुरियावां थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा उत्तर प्रदेश

एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, उपनिरीक्षक अनिल यादव, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार पटेल तथा रिजर्व पुलिसकर्मी बालकृष्ण तिवारी, अंकित कुमार पाल, अभय कुमार और योगेश कुमार गौतम शामिल रहे।


Siddhant Fast News

Related Articles

Back to top button