उत्तरप्रदेश

काल के सामने बेटा बना लाचार मां की दर्दनाक मौत

विनय तिवारी की रिपोर्ट

Siddhant Fast News

बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे भाई के सामने मां की दर्दनाक मौत, कार ने बाइक को कुचला
बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे भाई के सामने मां की दर्दनाक मौत, कार ने बाइक को कुचला

18 नवंबर को होनी थी बेटी की शादी, भदोही से निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे मां-बेटा; हादसे के बाद कार चालक फरार

रामपुर (जौनपुर)। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। आगामी 18 नवंबर को शादी होनी थी। परिवार के लोग रिश्तेदारों और परिचितों के बीच शादी का निमंत्रण कार्ड बांट रहे थे। लेकिन किसी को क्या पता था कि शादी की खुशियों के बीच एक ऐसा हादसा हो जाएगा, जिससे पूरे परिवार में मातम छा जाएगा।

रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंभापुर निवासी निर्मला पत्नी स्वर्गीय राजमनि गौतम अपने पुत्र सचिन के साथ भदोही से बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड वितरित कर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामपुर सेमुही मोड़ के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। आरोप है कि कार चालक महिला को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल रामपुर थाने को सूचना दी और महिला को उपचार के लिए मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटे सचिन ने बयां किया दर्दनाक हादसे का मंजर

मृतका के पुत्र सचिन ने बताया कि उसकी बहन की शादी 18 नवंबर को तय थी। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए वह अपनी मां के साथ भदोही गया था। वहां से कार्ड वितरित कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में कुछ दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब मां की मौत से मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार का नंबर UP 62 DJ 7555 बताया गया है। पुलिस को वाहन का नंबर मिल गया है। जल्द ही वाहन का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर है।


Siddhant Fast News

Related Articles

Back to top button