उत्तरप्रदेश

रामपुर के ऐतिहासिक मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु थाना रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक

पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष रामपुर रमेश चंद्र सरोज ने किया

Siddhant Fast News

रामपुर, जौनपुर। रामपुर के ऐतिहासिक मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाजार में सुरक्षा बनाए रखने और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष रमेश कुमार सरोज ने मेला आयोजनकर्ताओं, पत्रकार बंधुओं तथा क्षेत्र के संभ्रांत लोगों को मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक मेले में दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सभी की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
बैठक में मेले के दौरान बाजार में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। आयोजकों को प्रशासन द्वारा बताए गए नियमों का पालन करते हुए मेले का आयोजन कराने की बात कही गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इस दौरान मेला आयोजनकर्ताओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अपने विचार रखे।
रामपुर का ऐतिहासिक मेला क्षेत्र की महत्वपूर्ण परंपराओं में से एक है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन, मेला समिति और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी समन्वय को आवश्यक बताया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखना रहा।


Siddhant Fast News

Related Articles

Back to top button