उत्तरप्रदेश

नेशनल हाईवे 135 ए रामपुर बाजार में अतिक्रमणकारियों के चलते यातायात बाधित

स्कूली बच्चे व राहगीर परेशान

Siddhant Fast News

नेशनल हाईवे-135A पर अतिक्रमण से यातायात बाधित,
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

थाना रामपुर के ठीक सामने सुबह-शाम लगता है जाम, सब्जी मंडी के ठेला और घूमचाया वालों के कब्जे से राहगीर परेशान

रामपुर (जौनपुर)। नेशनल हाईवे-135A पर रामपुर बाजार में थाना के ठीक सामने इन दिनों अतिक्रमण के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय सड़क पर सब्जी मंडी के ठेले, घूमचाया तथा फल-सब्जी बेचने वाले दुकानदारों द्वारा सड़क की पटरी से लेकर मुख्य मार्ग तक अतिक्रमण कर लिया जाता है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे अधिक परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और ठेलों के कारण बच्चों को रास्ता पार करने तथा सुरक्षित तरीके से स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। कई बार जाम में फंसने के कारण बच्चों के समय से स्कूल नहीं पहुंच पाने का डर बना रहता है। वहीं, सड़क पर वाहनों के बीच से निकलने की मजबूरी के चलते किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर बाजार में सब्जी मंडी के नाम पर ठेला लगाने वालों ने नेशनल हाईवे-135A के बड़े हिस्से पर कब्जा जमा रखा है। हैरानी की बात यह है कि थाना रामपुर के ठीक सामने अतिक्रमण का यह सिलसिला लगातार जारी है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नेशनल हाईवे से अवैध अतिक्रमण हटवाकर ठेला एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाए, ताकि बाजार में यातायात सुचारु हो सके और स्कूली बच्चों सहित आम राहगीरों को राहत मिल सके। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं।


Siddhant Fast News

Related Articles

Back to top button