अवैध असलहे के वायरल वीडियो जांच के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
श्याम अनुज पांडे की रिपोर्ट

सिद्धांत फास्ट न्यूज़
सुरेरी जौनपुर
पुलिस ने शुक्रवार रात अवैध असलहे के वायरल वीडियो की जांच के दौरान एक युवक को कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 303 बोर का कट्टा और एक कारतूस बरामद किया। पूछताछ में दो अन्य युवकों के नाम सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय शुक्रवार को पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि वीडियो में दिख रहा युवक वसुही नदी पुल के रास्ते अपने गांव काकोपुर जाने वाला है।
पुलिस टीम ने नगेसरा स्थित शिव मंदिर के पास सड़क किनारे घेराबंदी की। कुछ देर बाद पुल की ओर से आ रहे युवक को मुखबिर ने पहचान लिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी में उसकी कमर से 303 बोर का कट्टा और जेब से एक कारतूस मिला।
पुलिस के अनुसार, युवक ने अपना नाम आयुष सिंह, पिता धनंजय सिंह, निवासी काकोपुर, थाना सुरेरी बताया। पूछताछ में आयुष ने कहा कि असलहा उसे पट्टीभरतराय गांव के सत्यम सिंह और रोहित सिंह ने दिया था।
पुलिस ने आयुष, सत्यम और रोहित के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/7/25 के तहत केस दर्ज किया है। सुरेरी थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


